भाजपा विधायक का 'आप' की जीत पर वार, कहा- दिल्ली में झूठ बोलने वालों की बनी सरकार

मुजफ्फरनगर।  खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सैनी ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। अब उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम को लेकर कहा कि झूठ बोलने वालों और फ्री बिजली देने वालों की सरकार बनी है।


यह बात उन्होंने बुधवार को जानसठ के गांव कवाल में निजी चैनलों के प्रतिनिधियों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि देश के हित की बात करने वालों को हरा दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लिए काम किए, लोगों ने उनको भुला दिया। ये लोग आगे पछताएंगे। हम फिर भी सम्मान करते हैं। दिल्ली में सड़कें टूटी पड़ी हैं। बाद में चिल्लाएंगे लोग। जब बिजली के बिल बढ़कर आएंगे, केजरीवाल कहां से देंगे भाई। उनके घर में नोट बनाने की मशीन है क्या। कोई पेड़ ऐसा है, पैसे झड़ते हैं वहां से। सब जनता के बीच से निकलेगा। ज्यादा टैक्स लगेगा, विकास कार्य नहीं होंगे। बस फ्री बिजली जलाए जाओ, वाई-फाई फ्री इस्तेमाल किए जाओ, बाकी विकास कार्य होंगे नहीं।