पुराने प्रत्याशियों पर दांव लगा सकती है BJP, आज हो सकता है नामों का एलान

दिल्ली विधानसभा चुनाव


नई दिल्ली,


दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 के लिए प्रत्याशियों के चयन के लिए बृहस्पतिवार रात भाजपा केंद्रीय चुनाव (सीईसी) समिति की बैठक हुई। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी शामिल हुए। रात लगभग नौ बजे शुरू हुई बैठक में सभी 70 विधानसभा सीटों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। शुक्रवार को सभी सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए जाने की संभावना है।


दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम तय करने के लिए भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि भाजपा 2015 दिल्ली विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों को रिपीट कर सकती है।  


दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना 14 जनवरी को जारी होने के साथ ही नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी ने सभी 70 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। वहीं, भाजपा में भी पिछले कई दिनों से प्रत्याशियों के चयन के लिए बैठकें चल रही है। सभी विधानसभा क्षेत्र में 50-50 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से क्षेत्र के संभावित दावेदारों को लेकर रायशुमारी कराई गई थी। उसके आधार पर प्रदेश चुनाव समिति ने प्रत्येक सीट पर दावेदारों की सूची तैयार की। प्रदेश चुनाव समिति द्वारा तैयार सूची पर 12 और 13 जनवरी को दिल्ली के नेताओं के साथ चर्चा की थी। इसके बाद बृहस्पतिवार को सीईसी की बैठक हुई, जो तीन घंटे तक चली।


 


बताया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी दो चरणों में दिल्ली की 70 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान कर सकती है। बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव-2015 में दिल्ली में एतिहासिक प्रदर्शन करते हुए आम आदमी पार्टी ने 70 में से 67 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, 15 साल तक शीला दीक्षित के नेतृत्व में   दिल्ली पर राज करने वाली कांग्रेस शून्य पर सिमट गई थी।